छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को रायपुर विमानतल पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बघेल ने आज शाम स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर में शाह से मिलने तथा उन्हें मिलेट्स (मोटे अनाज) से तैयार उत्पाद और छत्तीसगढ़ की संस्कृति पर आधारित एक कलाकृति भेंट करने की तस्वीरें ट्वीट की।
मुख्यमंत्री ने तस्वीरें साझा करने के साथ ही लिखा है, ”आज स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर में केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी से सौजन्य मुलाकात की एवं छत्तीसगढ़ के विकास कार्यों के संबंध में चर्चा हुई। केंद्रीय गृह मंत्री जी को छत्तीसगढ़ में मिलेट्स से बने उत्पाद और छत्तीसगढ़ की संस्कृति पर आधारित कलाकृति भेंट की।”
शाह शनिवार को राज्य के कोरबा शहर के दौरे पर थे। शाह ने यहां के प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम में पार्टी द्वारा आयोजित एक रैली को संबोधित किया।
शाह ने रैली में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान एकमात्र प्रगति महिलाओं के खिलाफ अपराध और भ्रष्टाचार में वृद्धि रही है।
केन्द्रीय गृह मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस की राज्य इकाई ने कहा है कि शाह ने अपने भाषण में गलत बयानी कर छत्तीसगढ़ की माताओं बहनों का अपमान किया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने एक बयान में कहा है, ”केन्द्रीय मंत्री अमित शाह ने कोरबा में दिये गये भाषण में गलत बयानी कर छत्तीसगढ़ की माताओं बहनों का अपमान किया है। अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बलात्कार के मामले बढ़े है जबकि खुद उनके विभाग से जारी एनसीआरबी के आंकड़े बताते है छत्तीसगढ़ में बलात्कार के मामले कांग्रेस की सरकार बनने के बाद आधा हो गये है।”
शुक्ला ने कहा, ”खुद केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री इस बात को मानते हैं कि छत्तीसगढ़ में नक्सल घटनाओं में 80 प्रतिशत की कमी आई है उसके बाद केन्द्रीय गृहमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठा व्यक्ति झूठ कैसे बोल सकता है?”
उन्होंने अपने बयान में कहा है, ”(प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी सरकार के चुनावी वायदों पर अमित शाह क्यों चुप रहे? मोदी सरकार को नौ साल पूरे होने को है जनता अभी तक अच्छे दिन के सपने देखते-देखते थक गयी है।”


Download Android App
Download iOS App



