विषय विशेषज्ञ समिति (एसईसी) द्वारा दो से 18 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को कुछ शर्तों सहित कोवैक्सिन टीका देने की मंजूरी मिलने के बाद भारत बायोटेक ने मंगलवार को कहा कि वह उत्पाद को पेश करने से पहले केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) से नियामक मंजूरी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
भारत के केंद्रीय औषधि प्राधिकरण की विशेषज्ञ समिति ने कुछ शर्तों के साथ दो से 18 साल के बच्चों के लिए भारत बायोटेक के कोवैक्सिन टीके को आपातकालीन मंजूरी प्रदान की है। भारत बायोटेक ने कहा कि कंपनी ने दो से 18 आयु वर्ग के लिए क्लिनिकल ट्रायल के आंकड़े सीडीएससीओ को सौंपे। इन आंकड़ों की सीडीएससीओ और एसईसी ने गहन समीक्षा की और अपने सकारात्मक सुझाव दिए।
भारत बायोटेक ने एक बयान में कहा, “दो से 18 वर्ष के आयु वर्ग के लिए दी गई कोविड-19 टीकों की यह पहली मंजूरी है। भारत बायोटेक डीसीजीआई, विषय विशेषज्ञ समिति और सीडीएससीओ को उनके द्वारा तेजी से समीक्षा करने के लिए धन्यवाद देता है। अब हम उत्पाद को पेश करने से पहले सीडीएससीओ से और नियामक मंजूरी मिलने का इंतजार कर रहे हैं जिसके बाद बच्चों के लिए बाजार में कोवैक्सिन उपलब्ध होगी।”


Download Android App
Download iOS App



