पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार तीसरी बार व्यापक जनदेश के साथ सत्ता में आने के बाद पहली बार सोमवार को देर शाम नयी दिल्ली रवाना होंगी। जहां उनके राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत कुछ प्रमुख विपक्षी नेताओं से मुलाकात किये जाने की संभावना है।
राजनीतिक पर्यवेक्षक तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के कदम पर निगाह रखे हुए हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को रोकने के लिए विपक्षी नेताओं से एकजुट होने का हाल ही में आह्वान किया था। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को 34 वर्षों के शासन से बेदखल करने के बाद वर्ष 2011 में बनर्जी सत्ता में आयी थीं। मार्च-अप्रैल में हुए चुनावों में 294 सीटों वाली विधानसभा में बनर्जी ने अपने बूते 213 सीटें हासिल की थीं।
बनर्जी के कम से कम तीन रातों तक नयी दिल्ली में रहने की उम्मीद है और उनकी राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, श्रीमती सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत कुछ कांग्रेसी नेताओं तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अन्य के साथ से मुलाकात की संभावना है। बनर्जी के 28 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने की उम्मीद है और राज्य के लंबित धन और राज्य के लिए कोविड टीकाकरण की उपलब्धता जैसे कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।


Download Android App
Download iOS App



