भारत के 4 दिवसीय दौरे पर पहुंचीं कोलंबियाई उपराष्ट्रपति, वेंकैया नायडू से की मुलाकात

Summary :

कोलंबिया की उपराष्ट्रपति और विदेश मंत्री मार्ता लूसिया रामिरेज अपने बिजनेस डेलिगेशन के साथ भारत के चार दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू से मुलाकात की है।

कोलंबिया की उपराष्ट्रपति और विदेश मंत्री मार्ता लूसिया रामिरेज अपने बिजनेस डेलिगेशन के साथ भारत के चार दिवसीय दौरे पर हैं। रामिरेज आज द्विपक्षीय चर्चा करने के लिए नई दिल्ली पहुंच गई हैं। इस दौरान उन्होंने उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू से मुलाकात की है। इसके बाद वह विदेश मंत्री  एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगी। 
विदेश मंत्रालय ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘कोलंबियाई उपराष्ट्रपति और विदेश मंत्री मार्ता लूसिया रामिरेज द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं को कवर करने के लिए बिजनेस प्रतिनिधिमंडल के साथ दिल्ली पहुंचीं हैं। उनका फोकस विज्ञान और प्रौद्योगिकी, वैक्सीन विकास और जैव प्रौद्योगिकी पर रहेगा।’
वहीं कोलंबिया की उपराष्ट्रपति ने ट्वीट कर कहा,’ हम एक महत्वपूर्ण गठबंधन के लिए भारत पहुंचे, जो हमें कोलंबिया में टीकों का उत्पादन करने की अनुमति देगा, उस मिशन के लिए उन सभी का धन्यवाद जो हमें सहयोग कर रहे हैं।’


फार्मास्युटिकल प्रयोगशालाओं के साथ गठबंधन पर हुए हस्ताक्षर

बता दें कि दोनों देशों ने कोरोना टीकों का उत्पादन करने और अंतरिक्ष के अन्वेषण और उपयोग को जारी रखने के लिए फार्मास्युटिकल प्रयोगशालाओं के साथ गठबंधन पर हस्ताक्षर किए हैं। कोलंबिया के उपराष्ट्रपति ने ट्वीट करते हुए कहा,’ कोलंबिया और भारत के बीच सहयोग सुनिश्चित करने के लिए फार्मास्युटिकल प्रयोगशालाओं, अनुसंधान केंद्रों और एजेंसी स्पेशल इंडिया के साथ गठजोड़ पर हस्ताक्षर किए हैं, और इसी तरह कोरोना टीके का उत्पादन और अंतरिक्ष के हमारे अन्वेषण और उपयोग को जारी रखा जाएगा।’

Desk Team