कोरोना के खिलाफ जारी है जंग, 55% वयस्क आबादी का हुआ पूर्ण टीकाकरण

Summary :

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि भारत की 55 प्रतिशत से ज्यादा वयस्क आबादी को कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक दी जा चुकी है।

कोरोना वायरस (Coronavirus) के ओमीक्रान (Omicron) वैरिएंट के बढ़ते खतरे के बीच भारत में महामारी के खिलाफ लड़ाई जारी है। देश में अब तक 55 प्रतिशत से ज्यादा वयस्क आबादी को कोरोना टीके (Corona Vaccine) की दोनों डोज़ दी जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक देश में 55.52 प्रतिशत वयस्कों का टीकाकरण पूर्ण हो चुका है जबकि 87 प्रतिशत वयस्क आबादी को टीके की कम से कम एक डोज़ लग चुकी है। मांडविया ने एक ट्वीट में कहा कि 55 प्रतिशत से ज्यादा पात्र लोगों के पूर्ण टीकाकरण के साथ अब भारत ने कोविड के खिलाफ जंग में एक और मील का पत्थर पार कर लिया है। 


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर दस्तक’ अभियान ने कोविड-19 के खिलाफ राष्ट्र की सामूहिक लड़ाई को और मजबूती दी है। सुबह सात बजे जारी शुरुआती बुलेटिन के मुताबिक बीते 24 घंटों में टीके की 66,98,601 खुराक दिए जाने के साथ ही भारत को कोविड-19 टीकाकरण बढ़कर 133.88 करोड़ पहुंच गया। मंत्रालय की तरफ से बताया गया कि यह उपलब्धि 1,40,27,706 सत्रों में हासिल की गई।

बता दें कि मंगलवार को कोरोना के दैनिक मामलों में गिरावट दर्ज हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, एक दिन में कोविड-19 के 5,784 नए मामले आने और 252 मरीजों के जान गंवाने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,47,03,644 हुई जबकि मृतकों की संख्या 4,75,888 पर पहुंच गयी जबकि एक्टिव केस की संख्या घट कर 88,993 हो गयी जो 563 दिनों में सबसे कम है।

Desk Team