‘चौकीदार ही जासूस है’ Pegasus पर खुलासे को लेकर मोदी सरकार पर हमलावर हुई कांग्रेस

Summary :

पेगासस स्पाईवेयर को लेकर ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट में किए गए खुलासे के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर देशद्रोह का आरोप लगाया है।

अमेरिकी अखबार ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने अपनी एक रिपोर्ट में पेगासस स्पाईवेयर को लेकर किए एक दावे ने भारत की सियासत में हलचल मचा दी है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि साल 2017 में भारत ने इजराइल से मिसाइल डील के साथ पेगासस भी खरीदा गया था। इस खुलासे को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस केंद्र सरकार पर हमलावर हो गई है।
NYT के दावे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘मोदी सरकार ने हमारे लोकतंत्र की प्राथमिक संस्थाओं, राजनेताओं व जनता की जासूसी करने के लिए पेगासस खरीदा था। फ़ोन टैप करके सत्ता पक्ष, विपक्ष, सेना, न्यायपालिका सब को निशाना बनाया है। ये देशद्रोह है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मोदी सरकार ने देशद्रोह किया है।’’


राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट किया, ‘‘मोदी सरकार ने भारत के शत्रु की तरह काम क्यों किया और भारतीय नागरिकों के खिलाफ ही युद्ध के हथियारों का उपयोग क्यों किया?’’ उन्होंने कहा, ‘‘पेगासस का उपयोग गैरकानूनी जासूसी के लिए करना राष्ट्रद्रोह है। कानून से बढ़कर कोई नहीं है। हम सुनिश्चित करेंगे कि न्याय हो।’’

चौकीदार ही जासूस है……..
भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. ने ट्वीट किया, ‘‘राहुल गांधी जी ने जुलाई 2021 में सरकार से दो सवाल पूछे थे, जिनके जवाब प्रधानमंत्री ने तो नहीं दिए लेकिन ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की खबर से मिले। ये सवाल थे कि क्या हिंदुस्तान की सरकार ने पेगासस खरीदा और क्या इस हथियार का प्रयोग अपने लोगों पर किया? अब जवाब, एकदम साफ है – हां।’’  इसलिए सिद्ध! चौकीदार ही जासूस है..।


न्यूयॉर्क टाइम्स के दावे को खारिज करे सरकार

वहीं कांग्रेस के जमले के बीच बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार को न्यूयॉर्क टाइम्स के खुलासे को खारिज करना चाहिए। इजरायली कंपनी एनएसओ ने 300 करोड़ रुपये में पेगासस बेचा। प्रथम दृष्टया यह लगता है कि सरकार नेसुप्रीम कोर्ट और संसद को गुमराह किया है। क्या यह ‘वाटरगेट’ है?’’

Desk Team