यूपी : CM योगी ने ‘हज हाउस’ को लेकर SP पर साधा निशाना, ‘कैलाश मानसरोवर भवन’ के बारे में कही यह बात

Summary :

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि, उन्होंने अपने सरकार में गाजियाबाद में ‘हज हाउस’ बनाया था,

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि, उन्होंने अपने सरकार में गाजियाबाद में ‘हज हाउस’ बनाया था, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मौजूदा सरकार ने यहां अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘कैलाश मानसरोवर भवन’ का निर्माण कराया और इससे दोनों दलों के बीच अंतर साफ हो गया है। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तहत प्रचार के लिए शनिवार दोपहर को गाजियाबाद और उसके बाद बागपत जाएंगे। इन दोनों जिलों में चुनाव के पहले चरण के तहत 10 फरवरी को चुनाव होगा।
ट्वीट कर दी थी कार्यक्रम की जानकारी 
योगी ने शनिवार सुबह ट़वीट किया,  आज मैं वाणिज्यिक, औद्योगिक एवं शैक्षणिक केंद्र के रूप में प्रख्यात गाजियाबाद जिले में आप सभी के बीच रहूंगा। यहां की उर्वरा भूमि चित्त को ऊर्जा और उमंग से भर देती है और आप सभी का स्नेह, सहयोग एवं विकास के प्रति उत्साह मुझे जन सेवा के लिए प्रेरणा प्रदान करता है।


योगी ने एक अन्य ट्वीट किया, आपके जनपद गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र के ग्राम सुराना में प्राचीन शिव मंदिर का 50 लाख रुपए की लागत से सौंदर्यीकरण, गंग नहर सोंधा पुल से रेवड़ा रेवड़ी ग्राम तक 22 करोड़ रुपए की लागत से सड़क तथा हिंडन नदी पर पुल का निर्माण भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही हुआ है।


उन्होंने एक और ट़वीट किया, उत्तर प्रदेश की पूर्व सरकार ने गाजियाबाद में ‘हज हाउस’ बनवाया था। भाजपा सरकार ने यहां 94 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कैलाश मानसरोवर भवन का निर्माण कराया है। आस्था को सम्मान देता यह भवन श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात है। फर्क साफ है…!


वर्ष 2020 में कराया था भवन का निर्माण 

सीएम योगी ने दिसंबर 2020 में गाजियाबाद के इंदिरापुरम में बने कैलाश मानसरोवर भवन का लोकार्पण किया था। कैलाश मानसरोवर यात्रा और चारधाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यहां उच्‍च स्‍तरीय सुविधाओं का प्रबंध है और करीब 300 लोगों के एक साथ ठहरने की व्यवस्था है। योगी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद अगस्त 2017 में मानसरोवर भवन के निर्माण की घोषणा की थी। समाजवादी पार्टी की पूर्ववती सरकार में मुख्यमंत्री रहे अखिलेश यादव ने 2016 में गाजियाबाद में ‘हज हाउस’ का निर्माण कराया था।

Desk Team