संविधान निर्माता डा भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कांग्रेस पर आम्बेडकर का यथोचित सम्मान नहीं करने का लगाया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार बाबा साहेब के बताए हुए रास्ते पर चलते हुए सर्वसमाज कल्याण का कार्य प्रतिबद्धता के साथ कर रही है।
बाबा साहेब भीमराव आम्बेडकर की जयंती पर भाजपा कार्यकर्ताओं के लिये अपने संदेश में नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने यह सिद्ध किया है कि वह बाबा साहेब के दृष्टिकोण और उनकी प्ररेणा से समाज के वंचितों, शोषितों तथा पिछड़ों के स्तर को उठाने के लिए प्रयत्नशील है । उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे लिए बाबा साहेब आदर्श हैं और हमेशा रहेंगे । ’’
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ‘‘ यह दुर्भाग्यपूर्ण रहा कि बाबा साहेब के जीवनकाल में कांग्रेस पार्टी ने न तो उनका यथोचित आदर किया और न ही उन्हें वह सम्मान दिया जो उन्हें मिलना चाहिए था।’’ उन्होंने कहा कि यह भी दुर्भाग्यपूर्ण रहा कि उनके निधन के चार दशक बाद उन्हें भारत रत्न दिया गया ।
नगालैंड में भी कोरोना ने दी दस्तक, राज्य में संक्रमण का पहला मामला आया सामने
नड्डा ने कहा कि जब देश में राजनीति की बयार बदली और भाजपा को देश की जनता ने जनादेश दिया तब, अटल जी के दौर में भी और अब नरेन्द्र मोदी के दौर में भी।। बाबा साहेब के संकल्प को पूरा करने का चरणबद्ध, सुनियोजित प्रयास भाजपा सरकारों द्वारा किया गया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि चाहे अटल जी की सरकार में आरक्षण में सुधार का विषय हो अथवा मोदी सरकार में गरीब, पिछड़े, वंचित, दलित के लिए आर्थिक, सामाजिक एवं संवैधानिक सुधारों का विषय हो, वे सभी कार्य हुए जो बाबा साहेब ने भावी भारत के लिए स्वप्न के रूप में देखे थे ।
नड्डा ने कहा,‘‘ आज भी हमारी सरकार बाबा साहेब के बताए हुए रास्ते पर चलते हुए सर्वसमाज कल्याण के कार्य प्रतिबद्धतापूर्वक कर रही है।’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहेब डॉ। भीमराव आम्बेडकर की जयंती पर समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से उन्हें नमन करते हुए हम संकल्पित भाव से उनके आदर्शों और विचारों को जीवन में आगे बढ़ाने का प्रण लेते हैं । बाबा साहेब भीमराव आम्बेडकर का जन्म 14 अप्रैल, 1891 को मध्यप्रदेश के महू में हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



