देश इस समय कोरोना वायरस से लड़ते हुए एक नाजुक स्थिति में है, इस समय में थोड़ी सी असावधानी लोगों के लिए बहुत भारी साबित होगी। ऐसे में देश की विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने बड़ा जिगरा दिखाते हुए मदद के हाथ बढ़ाए है। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस इस महामारी के दौर में एक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाएगी, जिसमें वह देशभर में कोरोना संक्रमण से घिरे हुए मरीजों और मृतकों का आंकड़ा भी इकट्ठा करेगी।
वहीं, अभियान के तहत संक्रमण से प्रभावित परिवारों और स्वास्थ्यकर्मियों तक पहुंचकर उनकी मदद करेगी। इस संबंध में पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक बयान में यह भी बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष उन परिवारों को पत्र लिखकर संवेदना प्रकट करेंगे, जिन्होंने इस महामारी के कारण अपने प्रियजन को खोया है।
उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान कांग्रेस, युवा कांग्रेस, प्रदेश कांग्रेस कमेटियों और पार्टी के दूसरे संगठनों के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संपर्क अभियान को 30 दिनों तक चलाया जाएगा। वेणुगोपाल के अनुसार, कांग्रेस की विभिन्न राज्य इकाइयां अपने पीसीसी दफ्तरों में कंट्रोल रूम स्थापित करेंगी, प्रदेश कांग्रेस कमेटियां और जिला/शहर कांग्रेस कमेटियां ब्लॉक या निगम वार्ड के स्तर पर कम से कम एक व्यक्ति को समन्वयक बनाएंगे जो इस अभियान के दौरान अपने क्षेत्र में इन कार्यों पर निगरानी रखेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ब्लॉक या क्षेत्रीय अध्यक्ष अपने इलाके में कोविड-19 महामारी के समय सक्रिय रहने वाले से कम 10 कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन्हें ‘कोविड योद्धा’ नामित करेगा। ये लोग आंकड़े एकत्र करेंगे और फिर इन आंकड़ों को पार्टी में ऊपर भेजा जाएगा।
कांग्रेस महासचिव ने बताया कि कोरोना प्रभावित परिवारों से मुलाकात के दौरान पार्टी के कार्यकर्ता जरूरी मेडिकल किट, मास्क, सैनेटाइजर देंगे तथा गरीब परिवारों को राशन भी मुहैया कराएंगे और टीकाकरण के लिए पंजीकरण में भी मदद करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



