कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चक्रवाती तूफान ‘यास’ से प्रभावित राज्यों को राजनीतिक मतभेद से ऊपर उठकर और उदारता दिखाते हुए मदद देनी चाहिए। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने एक बयान में केंद्र सरकार से यह आग्रह भी किया कि चक्रवात से मुख्य रूप से प्रभावित तीन राज्यों पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड को 3000 करोड़ रुपये का राहत पैकेज दिया जाए तथा नुकसान के आकलन के हिसाब से इसका वितरण किया जाए।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस का मानना है कि चक्रवात से प्रभावित हर परिवार को वित्तीय मदद मिलनी चाहिए और ऐसे में इन तीनों राज्यों के लिए 1000 करोड़ रुपये की राशि पर्याप्त नहीं है।’’ सुरजेवाला ने पिछले दिनों चक्रवात प्रभावित गुजरात के लिए प्रधानमंत्री की ओर से घोषित मदद का हवाला देते हुए कहा कि इस वक्त राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर और उदारता दिखाते हुए ‘यास’ प्रभावित राज्यों की मदद करनी चाहिए। गौरतलब है कि देश के पूर्वी तटों पर बुधवार को चक्रवाती तूफान ‘यास’ ने काफी तबाही मचाई थी और इसमें चार लोगों की मौत हुई थी और पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में 21 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया था।


Download Android App
Download iOS App



