कोरोना : कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पीएम मोदी पर साधा निशाना बोले- मोदी ने जल्दबाजी में लॉकडाउन की घोषणा की

Summary :

कुछ घंटे पहले ही कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कोरोना वायरस फैलने के कारण 21 दिन के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की घोषणा से पहले कथित तौर पर कोई तैयारी नहीं करने के लिए हमला बोला था

कोरोना वायरस के चलते देश के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए संपूर्ण देश में 21 दिनों का लॉकडाउन कर दिया गया है। मगर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर को इस लॉकडाउन में जल्दबाजी नजर आ रही है। थरूर के मुताबिक देशव्यापी लॉकडाउन लागू करने से पहले लोगों को पर्याप्त समय नहीं मिला। शशि थरूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरे देश में संपूर्ण लॉकडाउन लागू करने से पहले लोगों को पर्याप्त समय नहीं दिया गया है।
थरूर ने ट्वीट कर कहा, ना ही तब तैयारी थी और ना तो अब तैयारी है, तब भी जनता हारी थी, अब भी जनता हारी है। उस समय भी आम आदमी अंत में था और आज भी है। कांग्रेस सांसद ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट पर दो चित्रों को साझा करके नोटबंदी के दिनों और मौजूदा स्थिति की तुलना की।

उन्होंने दिल्ली के आनंद विहार और गाजियाबाद के कौशाम्बी बस टर्मिनलों पर अपने मूल निवास स्थान पर लौटने के लिए लंबी कतार में खड़े प्रवासियों की भारी भीड़ की तुलना नोटबंदी के दौरान बैंकों के बाहर खड़ी भीड़ से की। एक तस्वीर पर उन्होंने नोटबंदी (डिमोनेटाइजेशन) लिखा और दूसरी पर ‘लॉकडाउन’ लिखा।
कुछ घंटे पहले ही कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कोरोना वायरस फैलने के कारण 21 दिन के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की घोषणा से पहले कथित तौर पर कोई तैयारी नहीं करने के लिए हमला बोला था। 
बता दें, देश में 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा प्रधानमंत्री द्वारा संक्रामक कोविड-19 के फैलने की श्रृंखला को तोड़ने के लिए एक उपाय के रूप में की गई है। इसके बाद हजारों प्रवासी मजदूरों ने परिवहन सुविधा न मिलने पर पैदल ही दिल्ली छोड़ना शुरू कर दिया था।

Desk Team