केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कहा कि कोविड-19 रोधी टीकाकरण का बड़ा लक्ष्य प्राप्त करने के लिये भारत को समय हासिल करना होगा। सरकार ने कहा कि यदि कोविड-19 की रोकथाम के उपायों, कोविड उपयुक्त व्यवहार या टीकाकरण में ढिलाई बरती गई तो मामले एक बार फिर बढ़ सकते हैं।
सरकार ने कहा, ‘‘भारत बायोटेक के टीके ‘कोवैक्सीन’ को मान्यता दिलाने के लिये विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के साथ आंकड़े साझा किए जा रहे हैं और हम इसे जल्द से जल्द हासिल करना चाहते हैं।’’ उसने कहा कि कोविड-19 रोधी टीके की कम से कम एक खुराक ले चुके लोगों की संख्या के लिहाज से भारत ने अमेरिका को पीछे छोड़ दिया है।
सरकार ने कहा कि सात मई को संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले सामने आने के बाद से नए मामलों में करीब 68 प्रतिशत की कमी आयी है। उसने कहा कि दस मई को कोविड-19 के उपचाराधीन रोगियों की संख्या चरम पर पहुंचने के बाद से अब तक इनकी तादाद में 21 लाख से अधिक की कमी दर्ज की गयी है।
सरकार ने कहा कि फिलहाल देश के 377 जिलों में कोविड-19 की संक्रमण दर पांच प्रतिशत से कम है। उसने कहा कि अब तक 60 वर्ष से अधिक आयु की करीब 43 प्रतिशत आबादी और 45 साल से ज्यादा उम्र की 37 प्रतिशत आबादी को कोविड-19 रोधी टीके लगाए जा चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



