भाकपा ने किया ट्रंप की यात्रा के विरोध में ‘प्रगतिशील ताकतों’, नागरिक संस्थाओं से प्रदर्शन का आह्वान

Summary :

अमेरिकी राष्ट्रपति 24 फरवरी को गुजरात के अहमदाबाद पहुंचेंगे और अगले दिन वह दिल्ली में होंगे।

भाकपा ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 24 और 25 फरवरी को हो रही भारत यात्रा के विरोध में ‘‘प्रगतिशील ताकतों’’ से प्रदर्शन करने का गुरुवार को आह्वान किया। पार्टी महासचिव डी राजा ने एक बयान में अपने दल की सभी इकाइयों, नागरिक संस्थाओं और अन्य राजनीतिक दलों से एकजुट होने तथा ट्रंप की दो दिवसीय भारत यात्रा के विरोध में ‘‘जोरदार’’ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। 
अमेरिकी राष्ट्रपति 24 फरवरी को गुजरात के अहमदाबाद पहुंचेंगे और अगले दिन वह दिल्ली में होंगे। 
राजा ने कहा, ‘‘यह गंभीर चिंता का विषय है कि भारत सरकार स्वतंत्र विदेश नीति अपनाने की जगह साम्राज्यवादी अमेरिका के दबाव के सामने झुक रही है जबकि अमेरिका क्यूबा, फलस्तीन, ईरान और अन्य के प्रति दुश्मनी रखने के साथ ही पूरे विश्व पर अपनी आधिपत्य नीतियां थोपना जारी रखे हुए है।’’ 
उन्होंने कहा, ‘‘इसके मद्देनजर, हमने दिल्ली में उसी दिन प्रदर्शन का आह्वान किया है और सभी वाम तथा धर्मनिरपेक्ष दलों से प्रदर्शन करने और उचित जवाब देने का आह्वान किया है। भाकपा के राष्ट्रीय सचिवालय ने पार्टी की सभी इकाइयों से भी देशभर में प्रदर्शन करने को कहा है।’’ 

Desk Team