केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति पर तंज कसा है। गडकरी ने कहा कि पहले प्रधानमंत्री के पेट से प्रधानमंत्री पैदा हुए लेकिन हमें इसे बदलना होगा।
किसी पार्टी का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘हम गरीब आबादी वाले एक समृद्ध राष्ट्र हैं। जिन्होंने शासन किया, उन्होंने अपने परिवारों को फायदा पहुंचाया। पीएम के पेट से पीएम पैदा हुए, सीएम के पेट से सीएम पैदा हुए। वहीं, विधायक के पेट से विधायक और एमपी के पेट से एमपी पैदा हुए। लेकिन हमें इसे बदलना है।’
गडकरी ने कहा कि बीजेपी किसी एक परिवार की पार्टी नहीं है। यह ऐसी पार्टी नहीं है जो जाति, धर्म और भाषा के आधार पर राजनीति करे। वाजपेयी जी हमारे सबसे बड़े नेता थे लेकिन कभी भी उनके नाम या फिर आडवाणी के नाम से नहीं पहचानी गई। वहीं, राजनाथ और मैं पार्टी के अध्यक्ष रहे लेकिन पार्टी हमारे नामों से पहचानी जाती है।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना की पानी की जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से नदियों को जोड़ने के लिये प्रतिबद्ध है। वही, भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने छह नदियों को जोड़ने की योजना बनाई है जिस पर करीब दो लाख करोड़ की लागत आएगी।
उन्होंने कहा, ‘आंध्र प्रदेश में हमनें पोलावरम सिंचाई परियोजना पर ध्यान केंद्रित किया है। हमनें अब तक सात हजार करोड़ रूपये लिये हैं। इसे केंद्र सरकार के कोष से तैयार किया जा रहा है।’ इसके साथ ही गडकरी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जनता को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं कि सरकार परियोजना पर ध्यान केंद्रित नहीं कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



