जयपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर हमला करते हुए बुधवार को यहां कहा कि उसके डीएनए में विकास नहीं है। जयपुर के आमेर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कांग्रेस को अराजकता की जननी बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को हिंसा, आतंकवाद, और नक्सलवाद दिया है और भ्रष्टाचार को जन्म दिया है। उन्होंने कहा कांग्रस अराजकता की जननी है। कांग्रेस के डीएनए में विकास नहीं है । देश के सम्मान और स्वाभिमान की इनको कोई चिंता नहीं है । उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह विकास, सुशासन, और राष्ट्रवाद का रोड़ा है और भाजपा सरकारें जनता को बिजली, घर, एलपीजी सिलेंडर, शौचालय और अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर ‘राम राज्य’ स्थापित कर रही है।
योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट बैंक के लिए आतंकवादियों को ‘बिरयानी’ खिलाई। वह आतंवादियों से भी रिश्तेदारी और नातेदारी जोडने का काम करती थी । उन्होंने कहा कि यह भाजपा सरकार का शासन है कि जम्मू कश्मीर में प्रतिदिन आतंवादियों को मार गिराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शहीद जवानों का अपमान करने काम करती है वहीं नक्सलवादी और माओवादियों को क्रांतिकारी बताती है।भाजपा के स्टार प्रचारक योगी ने कांग्रेस पर विभाजन और जातिवाद आधारित राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने 55 साल के शासनकाल में राजस्थान सहित कई हिन्दी भाषी प्रदेशों को ‘बिमारू’ राज्यों की श्रेणी में धकेल दिया है। योगी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का मखौल उडाते हुए कहा कि उनकी पार्टी के नेता उन पर विश्वास नहीं करते और कहते है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार नहीं बना सकती। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पिछले कुछ वर्षो में चुनाव में मिली हार के बाद देश पर रहम करना चाहिए ।


Download Android App
Download iOS App



