भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह पूर्वी लद्दाख में शेष मुद्दों के समाधान के लिए चीन के साथ जल्द ही अगले दौर की सैन्य वार्ता को लेकर आशान्वित है।
विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता अरिंदम बागची की टिप्पणी दोनों पक्षों के बीच सीमा गतिरोध पर राजनयिक वार्ता के दो दिन बाद आई है।
बागची ने कहा, ‘मुझे इस समय किसी विशेष तारीख की जानकारी नहीं है, जिसे मैं आपके साथ साझा कर सकता हूं, लेकिन मैं यह जरूर कहना चाहता हूं कि हम इस मुद्दे पर जल्द से जल्द कमांडर स्तरीय बैठक को लेकर आशान्वित हैं।”
मंगलवार को राजनयिक वार्ता के दौरान भारत और चीन ने पूर्वी लद्दाख में गतिरोध वाले सभी बिंदुओं से सैनिकों की पूरी तरह वापसी के संबंध में जल्द ही वरिष्ठ कमांडरों की अगले दौर की बैठक आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की थी।
बता दें कि गतिरोध 2020 के मई की शुरुआत में शुरू हुआ। सैन्य वार्ता के परिणामस्वरूप, दोनों पक्षों ने पिछले साल पैंगोंग झील के उत्तर और दक्षिण तट पर और गोगरा क्षेत्र में सैनिकों के पीछे हटने की प्रक्रिया पूरी की।
भारत लगातार इस बात पर कायम रहा है कि एलएसी पर शांति द्विपक्षीय संबंधों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण है।


Download Android App
Download iOS App



