खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों का मंत्रालय आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत पूरे भारत में सोमवार से सप्ताह भर चलने वाले विशेष कार्यक्रमों और समारोहों का आयोजन करेगा। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस अवधि के दौरान खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग देश के विभिन्न स्थानों पर कई गतिविधियां, सेमिनार, वेबिनार और अन्य कार्यक्रम आयोजित करेगा।
विभाग उत्तर प्रदेश के वाराणसी में फोर्टिफाइड (पोषण-युक्त) चावल के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए गतिविधियों का आयोजन करेगा। समारोह के पहले दिन, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) सुधार में भारत की यात्रा पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। इसमें पीडीएस पर प्रौद्योगिकी के महत्व तथा प्रभाव और कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में भारत के अनुभव पर प्रकाश डाला जाएगा।
इसके अलावा खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री पीयूष गोयल वर्चुअल तरीके से कर्नाटक के हुबली में संभागीय कार्यालय और तंजावुर, चेन्नई में एक फोटो प्रदर्शनी के साथ खाद्य सुरक्षा संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। भारतीय अनाज भंडारण प्रबंधन एवं अनुसंधान संस्थान (आईजीएमआरआई) हापुड़़ कृषि विज्ञान का अध्ययन करने वाले छात्रों के बीच खाद्य सुरक्षा के बारे में जागरूकता पैदा करने को एक कार्यक्रम आयोजित करेगा।


Download Android App
Download iOS App



