पूर्व प्रधानमंत्री नरसिंह राव की 101वीं जयंती, PM मोदी बोले- एक महान विद्वान और बुद्धिजीवी के रूप में छाप छोड़ी

Summary :

पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिम्हा राव की 101वीं जयंती पर पूरा देश उन्हें याद कर रहा है। साथ ही कई जगहों पर उनको श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए…

पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिम्हा राव की 101वीं जयंती पर पूरा देश उन्हें याद कर रहा है। साथ ही कई जगहों पर उनको श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिंह राव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि राष्ट्रीय प्रगति में उनके समृद्ध योगदान के लिए भारत उनका आभारी है। राव का जन्म वर्ष 1921 में आज ही के दिन तेलंगाना के करीमनगर में हुआ था। मंगलवार को उनकी 101वीं जयंती है।
पीएम मोदी का  ट्वीट


मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘हमारे पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिंह राव जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। राष्ट्रीय प्रगति में उनके समृद्ध योगदान के लिए भारत उनका आभारी रहेगा। उन्होंने एक महान विद्वान और बुद्धिजीवी के रूप में भी छाप छोड़ी।’’ वरिष्ठ कांग्रेस नेता राव 1971 से 1973 तक आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। केंद्र की कांग्रेस सरकारों में वह विदेश मंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और मानव संसाधन विकास मंत्री भी रहे। वह 21 जून, 1991 से 16 मई, 1996 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। वर्ष 2004 में उनका दिल्ली में देहांत हो गया था।
जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे मोदी
इसके अलावा आपको बता दें कि रविवार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जर्मनी के दो दिवसीय दौरे पहुंचे। इस दौरान वह जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और शक्तिशाली समूह एवं उसके सहयोगी देशों के नेताओं के साथ ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा, आतंकवाद से मुकाबला, पर्यावरण और लोकतंत्र जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे

Desk Team