कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार की दमनकारी और नफरत फैलाने वाली नीतियों के खिलाफ कांग्रेस 9 से 15 अगस्त तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकालेगी।उन्होंने बताया कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक निकाली जाने वाली इस यात्रा का नेतृत्व पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी करेंगे।
सावन के पहले सोमवार के मौके पर यहां पहुंचे रावत ने भगवान शिव का ससुराल कहे जाने वाले कनखल में दक्ष मंदिर में भोले बाबा का रुद्राभिषेक करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा ऐतिहासिक होगी।
भाजपा सरकार पर देश में नफरत का माहौल पैदा करने का आरोप लगाते हुए रावत ने कहा कि देशवासियों को जाति और धर्म के नाम पर आपस में लड़ाया जा रहा है और भाजपा सरकार की ऐसी नीतियों के खिलाफ भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘अगले महीने की नौ से 15 तारीख तक कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत जोड़ो यात्रा चलेगी और इसके जरिए देश के लोगों के सामने भाजपा सरकार की नफरत की राजनीति की हकीकत सामने लाएगी।’’
रावत ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के बुलावे पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी 21 जुलाई को उसके सामने अपना पक्ष रखने जाएंगी।उन्होंने कहा कि हम ईडी जैसी संस्थाओं का सम्मान करते हैं लेकिन केंद्र सरकार की दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई के खिलाफ 21 जुलाई को देश भर में जिला स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रचंड विरोध प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बदले की भावना से विपक्ष के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और लोकतंत्र को कुचला जा रहा है।रावत ने मंहगाई के मसले पर भी केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार ने अनाज, दूध, दही जैसी आम रोजमर्रा की खाद्य वस्तुओं पर भी कर लगा दिया है जो गलत है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस कदर मनमानी पर उतर आई है कि अब वह गाय और भैंस के दूध पर भी जीएसटी लगा रही है और वह दिन दूर नहीं जब गाय के मूत्र पर भी जीएसटी लगा दिया जाएगा।उन्होंने कहा, ‘‘जीएसटी पूरे देश के लिए पीड़ा बन गयी है। अब सिद्ध हो गया है कि जीएसटी ‘गब्बर सिंह टैक्स’ है।’’


Download Android App
Download iOS App



