भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता बिप्लब कुमार देब (Biplab Kumar Deb) और जम्मू-कश्मीर के गुर्जर मुस्लिम समुदाय के नेता गुलाम अली खटाना (Ghulam Ali Khatana) ने बुधवार को संसद के उच्च सदन की सदस्यता की शपथ ली। सभापति जगदीप धनखड़ (Jagdeep Dhankhar) ने दोनों नेताओं को अपने कक्ष में राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ दिलाई। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
देब ने हिंदी–अली ने अंग्रेजी में ली शपथ
बिप्लब देब त्रिपुरा से राज्यसभा के लिए हुए उपचुनाव में निर्वाचित हुए हैं जबकि गुलाम अली को उच्च सदन के लिए मनोनीत किया गया है। अली ने अंग्रेजी में शपथ ली जबकि देब ने हिंदी में शपथ ग्रहण की।दरअसल बिप्लब देब त्रिपुरा के मुख्यमंत्री थे लेकिन भाजपा ने उन्हें इसी साल मई में पद से हटाकर राज्य इकाई के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद माणिक साहा (Manik Saha) को मुख्यमंत्री बना दिया। जिसके बाद साहा ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसी सीट से बिप्लब को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया और उन्होंने जीत दर्ज की।
कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी हुए शामिल
गुलाम अली का शपथ लेना महत्वपूर्ण है क्योंकि जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद-370 (Article 370) को निरस्त किए जाने से पहले गुर्जर मुस्लिम समुदाय का विधायी निकायों में बहुत कम प्रतिनिधित्व था। यह पहली बार है, जब जम्मू एवं कश्मीर क्षेत्र से इस समुदाय के किसी व्यक्ति ने मनोनीत सदस्य के रूप में उच्च सदन की सदस्यता की शपथ ली है।इस अवसर पर उपसभापति हरिवंश, राज्यसभा के महासचिव पी सी मोदी, केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधन, जितेंद्र सिंह सहित राज्यसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



