देश में लगातार विमानों के खराब होने का सिलसिला जारी है। आये दिन लगातार एक के बाद एक विमानों के खराब होने की खबरें सामने आती रहती हैं। विमानों के लगातार खराब होने से कई बार यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है और यात्री चिंता में भी आ जाते हैं। जहां भारतीय विमानों में तकनीकी खराबी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं वहीं ऐसा ही एक मामला आज फिर सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक, GoAir की फ्लाइट जो मुंबई से लेह जा रही उसमे तकनीकी खराबी आ गई। GoAir A320 विमान में तकनीकी खराबी मिलने के बाद उसे दिल्ली के लिए डायवर्ट कर दिया गया है। इस बारे में डायरेक्टर जनरल आफ सिविल एविएशन(DGCA) ने जानकारी देते हुए बताया कि GoAir की मुंबई से लेह जा रहे विमान में तकनीकी खराबी आ गई जिसके बाद फ्लाइट को दिल्ली की ओर डायवर्ट कर दिया गया है।
दो विमान हुए खराब
आपको बता दे कि इसके अलावा GoAir के एक अन्य विमान VT-WJG G8-6202, जो श्रीनगर से दिल्ली के लिए जा रहा था, उसमें भी तकनीकी खराबी आ गई, दरअसल विमान के इंजन ओवरलिमिट के कारण उसे वापस श्रीनगर एयरपोर्ट पर लैंड कराना पड़ा। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने कहा कि हम जांच कर रहे हैं और इस बीच इन दोनों विमानों को लैंड कराया गया है और डीजीसीए द्वारा मंजूरी मिलने पर ही उड़ान की अनुमति दी जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने मांगी रिपोर्ट
देश में विमानों में लगातार आ रही खराबी के मुद्दे पर एक दिन पहले केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी हवाई यात्रा की सुरक्षा मानदंडों की समीक्षा के लिए एयरलाइन कंपनियों के प्रमुखों के साथ बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने सभी एयरलाइन कंपनियों को निर्देश भी जारी किए थे। केंद्रीय मंत्री ने विमानों में आई तकनीकी खराबी पर भी रिपोर्ट भी मांगी थी।
पहले भी हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग
आपको बता दें कि 17 जुलाई को इंडिगो की फ्लाइट जो शारजाह से हैदराबाद जा रही थी उसे तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के बाद पाकिस्तान के कराची में इमरजेंसी लैंड कराया गया था। इसके अलावा पांच जुलाई को नई दिल्ली से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट में भी तकनीकी खराबी आ गई थी जिसकी कराची हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी।


Download Android App
Download iOS App



