देश में कोरोना वायरस महामारी की जानलेवा दूसरी लहर और कोविड टीकों की कमी के बीच एक अच्छी खबर आई है कि विदेशों में सबसे अधिक इस्तेमाल किये जाने वाला वैक्सीन फाइजर भी जुलाई से भारत को मिल सकता है। नीति आयोग के सदस्य डॉ. वी.के. पॉल ने कहा कि फाइजर से बातचीत चल रही है और उनकी ओर से संकेत दिए गए हैं कि वह भारत को वैक्सीन उपलब्ध कराएगी। इससे वो ख़बरें एक बार फिर ताजा हुई हैं जिसमें कहा गया था कि फाइजर ने जुलाई से अक्टूबर के बीच टीके की 5 करोड़ खुराक भारत को देने की बात कही थी।
वी.के. पॉल ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि फाइजर के साथ बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि फाइजर ने टीके के संभावित दुष्प्रभावों को लेकर संरक्षण की मांग की है जिस पर भारत सरकार विचार कर रही है तथा जल्द इस बारे में निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की छूट फाइजर ने अमेरिका समेत उन सभी देशों में मांगी थी, जहां उसके टीके की आपूर्ति की है। उन्होंने आगे कहा कि इन मुद्दों के समाधान के बाद फाइजर द्वारा जुलाई से टीके की आपूर्ति शुरू होने की संभावना है। यदि फाइजर का टीका भारत को मिलता है तो यह कोरोना टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल होने वाला चौथा टीका होगा।
बताते चलें कि अब तक भारत में कोवैक्सीन, कोविशील्ड तथा स्पूतनिक टीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे पहले फाइजर ने कहा था कि वह 2021 में ही 5 करोड़ टीके उपलब्ध कराने को तैयार है मगर वह क्षतिपूर्ति के साथ-साथ कुछ नियामकीय शर्तों में बड़ी छूट चाहती है। इस अमेरिकी कंपनी ने 5 करोड़ टीके इसी साल उपलब्ध कराने का संकेत दिया है। इसमें एक करोड़ टीके जुलाई में, एक करोड़ अगस्त में और दो करोड सितंबर तथा एक करोड़ टीके अक्टूबर में उपलब्ध कराये जायेंगे।


Download Android App
Download iOS App



