ट्रम्प की थाली में परोसे जाएंगे गुजराती व्यंजन, सूची में खमण भी शामिल

Summary :

मशहूर शेफ खन्ना को सोमवार दोपहर ट्रंप और उनके प्रतिनिधिमंडल के साबरमती आश्रम में ठहराव के दौरान उनके लिये खाना बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।

अहमदबाद : भारत यात्रा पर आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप सोमवार को जब कुछ देर के लिये यहां साबरमती आश्रम में ठहरेंगे तो उन्हें मशहूर गुजराती पकवान ‘खमण’ भी परोसा जाएगा। अहमदाबाद के ‘फॉर्च्यून लैंडमार्क होटल’ के शेफ (रसोइया) सुरेश खन्ना ने कहा कि अमेरिका से आ रहे अति विशिष्ट मेहमानों और उनके प्रतिनिधिमंडल को ‘खमण’ के अलावा फूलगोभी, कॉर्न समोसा, एप्पल पाई, काजू कतली और कई प्रकार की चाय पेश की जाएंगी। 
मशहूर शेफ खन्ना को सोमवार दोपहर ट्रंप और उनके प्रतिनिधिमंडल के साबरमती आश्रम में ठहराव के दौरान उनके लिये खाना बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। खन्ना ने यहां पत्रकारों से कहा, ”कल फॉर्च्यून लैंडमार्क होटल में हम सभी के लिये महत्वपूर्ण दिन है। हमने उनके लिये लंबी-चौड़ी व्यंजन सूची तैयार की है। खमण मशहूर गुजराती व्यंजन है। हम ट्रंप के लिये हल्की भाप पर खमण बनाएंगे।” 
उन्होंने कहा, ”इसके अलावा, ट्रंप और उनके प्रतिनिधिमंडल को एप्पल पाई, फूलगोभी, समोसा, काजू कतली और ग्रीन तथा लैमन टी समेत विभिन्न प्रकार की चाय परोसी जाएंगी।” ट्रंप सोमवार दोपहर वाशिंगटन से यहां पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ साबरमती आश्रम (गांधी आश्रम) जाएंगे। 

Desk Team