Gurugram 11th Floor Fall Incident: हरियाणा के गुरुग्राम में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दरअसल, सेक्टर-110A की महेंद्रा औरा सोसाइटी में रहने वाली 30 वर्षीय नेहा तिवारी की 11वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। वह रिटायर्ड कर्नल ब्रजराज तिवारी की बेटी थीं। शुरुआती जांच में पुलिस ने आत्महत्या का मामला बता रही है। लेकिन, अभी तक मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। नेहा अपने पिता के साथ सोसाइटी के एक फ्लैट में रहती थीं। घटना के समय उनके पिता और परिवार के अन्य सदस्य घर पर नहीं थे।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, नेहा बालकनी में टहल रही थीं। इसी दौरान वह रेलिंग के पार नीचे गिर गईं। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर बजघेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नेहा बालकनी से कैसे नीचे गिरी थीं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के समय वहां क्या हुआ था।
न्यूजीलैंड से लौटने के बाद परेशान थी नेहा
परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, नेहा के पति शुभम शर्मा को न्यूजीलैंड में नौकरी मिली थी। इसके बाद नेहा भी उनके साथ न्यूजीलैंड चली गई थीं। हालांकि, वीजा से जुड़ी परेशानियों के कारण उन्हें अकेले भारत लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि भारत वापस आने के बाद से नेहा मानसिक रूप से परेशान थीं।
उनके पति शुभम शर्मा अभी न्यूजीलैंड में ही रह रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में उनके पति से भी संपर्क करने की कोशिश शुरू कर दी है। जांच के दौरान उनसे बातचीत कर नेहा की हालिया स्थिति और घटना से पहले की परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
सोसाइटी के CCTV कैमरों की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस सोसाइटी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नेहा घटना से पहले कहां थीं और उनके साथ क्या हुआ था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिलने की बात सामने नहीं आई है।
ऐसे में पुलिस अन्य सबूतों और परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस परिवार के सदस्यों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों को समझने में मदद मिल सकती है।
आत्महत्या या हादसा, जांच के बाद होगा स्पष्ट
पुलिस फिलहाल मामले को आत्महत्या की आशंका से जोड़कर देख रही है, लेकिन किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंची है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि महिला की मौत किसी दुर्घटना के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। CCTV फुटेज, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिवार से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल नेहा की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा के सोनीपत में प्लास्टिक दाना प्लांट में लगी भीषण आग, दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू


Download Android App
Download iOS App




