हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कुछ देशों में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर बृहस्पतिवार को कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लोगों को स्वेच्छा से भीड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनने जैसे एहतियाती उपायों का पालन करना चाहिए।
पर्याप्त दवाएं और आरटी-पीसीआर जांच की सुविधा
विज ने कहा कि अगर केंद्र की ओर से कोविड-19 संबंधी कोई विशेष दिशानिर्देश जारी किए जाते हैं, तो उन्हें राज्य में पूरी तरह से लागू किया जाएगा।विज ने एक बयान में कहा, ‘‘घबराने की जरूरत नहीं है। हालांकि लोग खुद से मास्क पहनने, सैनिटाइज़र का इस्तेमाल करने सहित अन्य एहतियाती उपायों का पालन करें। सभी उपायों का स्वेच्छा से पालन करें।’’उन्होंने कहा कि हरियाणा के हर जिले में पर्याप्त दवाएं और आरटी-पीसीआर जांच की सुविधा है। वेंटिलेटर भी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हैं।
सभी अस्पतालों में पीएसए प्लांट लगाए गए
विज ने कहा, ‘‘हम कोरोना वायरस संक्रमण से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। संक्रमण की पिछली लहरों से सबक सीखते हुए, हम हर स्थिति का सामना करने को तैयार हैं।’’मंत्री ने कहा, ‘‘पहले ऑक्सीजन की समस्या थी, लेकिन अब 50 से अधिक बिस्तर वाले सभी अस्पतालों में पीएसए प्लांट लगाए गए हैं और ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है।’’अमेरिका, जापान, कोरिया, ब्राजील और चीन में संक्रमण के मामले एक बार फिर बढ़ने के मद्देनजर भारतीय अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है।
जीनोम अनुक्रमण कराने को कहा गया
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक परिपत्र भेजा है, जिसमें वायरस के नए स्वरूप को समझने के लिए हाल ही में संक्रमित पाए गए लोगों के नमूनों के जीनोम अनुक्रमण कराने को कहा गया है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने भी लोगों से भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने और टीका लगवाने सहित कोविड-19 संबंधी दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है।


Download Android App
Download iOS App



