सशस्त्र सीमा बल अकादमी में मिलता उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण : महानिदेशक

Summary :

सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक संजय अरोड़ा ने मंगलवार को कहा कि सशस्त्र सीमा बल अकादमी, भोपाल उच्च गुणवत्ता के प्रशिक्षण के लिए जाना जाता है और ऊंचे दर्जे का प्रशिक्षण हमारी सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक संजय अरोड़ा ने मंगलवार को कहा कि सशस्त्र सीमा बल अकादमी, भोपाल उच्च गुणवत्ता के प्रशिक्षण के लिए जाना जाता है और ऊंचे दर्जे का प्रशिक्षण हमारी सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 काल में सभी प्रोटोकॉल का पालने करते हुए सशस्त्र सीमा बल अकादमी ने इस जिम्मेदारी को सराहनीय ढंग से बखूबी निभाया है। अरोड़ा ने यह बात सशस्त्र सीमा बल अकादमी चंदूखेडी, भोपाल में 11वें बैच के सहायक कमांडेंट (विभागीय भर्ती) के कुल 19 प्रशिक्षु अधिकारियों के दीक्षांत परेड समारोह को आभासी रूप से संबोधित करते हुए कही।
हमारे जवान देश सेवा करने में सक्षम -संजय अरोड़ा
उन्होंने कहा कि हमारे अधिकारी और जवान सभी क्षेत्रों में ऊंचे मनोबल और बेहतर तरीके से देश की सेवा तथा सुरक्षा करने में सक्षम हैं। अरोड़ा ने बताया कि हमारे प्रशिक्षक दिन-रात एक करके इन्हें सेवा के लिए शारीरिक एवं मानसिक तौर पर काबिल और आत्मविश्वासी बनाते हैं। उम्मीद है सशस्त्र सीमा बल के सभी प्रशिक्षण केंद्र इसी तरह से सेवा करते रहेंगे।
अरोड़ा ने कहा कि हमारी तैनाती नेपाल और भूटान की खुली अंतरराष्ट्रीय सीमा पर है, जहां सीमा प्रबंधन का कार्य जटिल होता है। इन सीमाओं पर बेहतर तकनीक, तालमेल और आम जनता के साथ मिलकर काम करना आवश्यक है। वहां न केवल हमें अपने प्रशिक्षण और तकनीक का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करना है, बल्कि आसूचना और परफेक्शन मैनेजमेंट के सभी तत्वों को और भी मजबूत बनाना है।
प्रशिक्षुओं को मानसिक तौर पर फिट रहना आवश्यक  
 उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि सेवा के दौरान स्वयं का शारीरिक एवं मानसिक तौर पर फिट रहना बहुत आवश्यक है। इसके लिए हमेशा अभ्यास एवं प्रशिक्षण के द्वारा स्वयं को फिट रखें जिससे आपके जवान प्रेरित हों और स्वयं को हर परिस्थिति के लिए फिट बनाये रखें।

Desk Team