हिंदी दिवस : PM मोदी बोले-हिंदी की सरलता, संवेदनशीलता हमेशा लोगों को आकर्षित करती है

Summary :

हिंदी दिवस (Hindi Divas) के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी (Prime Minister Modi) ने कहा कि हिंदी ने भारत को वैश्विक स्तर पर विशिष्ट सम्मान दिलाया है और इसकी सरलता व संवेदनशीलता हमेशा लोगों को आकर्षित करती है।

देश में 14 सितंबर का दिन ‘हिंदी दिवस’ (Hindi Divas) के तौर पर मनाया जाता है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने कहा कि हिंदी ने भारत को वैश्विक स्तर पर विशिष्ट सम्मान दिलाया है और इसकी सरलता व संवेदनशीलता हमेशा लोगों को आकर्षित करती है। 
हिंदी दिवस पर किए ट्वीट में मोदी ने उन सभी लोगों का दिल से आभार जताया, जिन्होंने देश में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा को समृद्ध और सशक्त बनाने में बड़ा योगदान दिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी इस मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा राजभाषा हिंदी राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोती है।


प्रधानमंत्री ने लिखा, “हिंदी ने विश्वभर में भारत को एक विशिष्ट सम्मान दिलाया है। इसकी सरलता, सहजता और संवेदनशीलता हमेशा आकर्षित करती है। हिंदी दिवस पर मैं उन सभी लोगों का हृदय से अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने इसे समृद्ध और सशक्त बनाने में अपना अथक योगदान दिया है।” 


हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अमित शाह ने लिखा, “राजभाषा हिंदी राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोती है। हिंदी सभी भारतीय भाषाओं की सखी है। मोदी सरकार हिंदी सहित सभी स्थानीय भाषाओं के समानांतर विकास हेतु प्रतिबद्ध है। हिंदी के संरक्षण व संवर्धन में योगदान देने वाले महानुभावों को नमन करता हूँ।”

आपको बता दें कि आजादी के बाद संविधान सभा ने 14 सितंबर, 1949 को हिंदी को आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाया। इसी दिन के बाद से हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है।  इस दिन भाषा के महत्व को प्रदर्शित करने और उजागर करने के लिए स्कूलों, कॉलेजों, कार्यालयों और संगठनों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। 

Desk Team