Amit Shah’s birthday : 57 साल के हुए गृहमंत्री अमित शाह, PM मोदी समेत BJP नेताओं ने दी बधाई

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के तमाम नेताओं ने गृहमंत्री अमित शाह को जन्मदिन की बधाई दी। प्रधानमंत्री ने बीजेपी तथा सरकार में अमित शाह के योगदान की प्रशंसा की।

देश के गृहमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने आज अपने 57 वर्ष पूरे कर लिए हैं। राजनीति के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह का जन्म 1964 में गुजरात में हुआ। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के तमाम नेताओं ने गृहमंत्री को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने बीजेपी तथा सरकार में अमित शाह के योगदान की प्रशंसा की।
पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मैंने कई वर्षों से अमित भाई के साथ काम किया है और पार्टी तथा सरकार को मजबूत करने में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखा है। वह ऐसे ही उत्साह के साथ देश की सेवा करते रहें। उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की कामना करता हूं।’’


बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गृहमंत्री को बधाई देते हुए कहा, ऊर्जा, कर्मठता, ज्ञान और कार्यकुशलता के धनी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री माननीय श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र निर्माण के प्रति आपका परिश्रम और सेवाभाव सभी के लिए अनुकरणीय है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की प्रार्थना करता हूं।


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने बधाई सन्देश में लिखा, भारतीय राजनीति में कर्मठता, जीवटता एवं प्रतिबद्धता के आदर्श मानक, राष्ट्रवादी चेतना के प्रबल संवाहक, यशस्वी गृह व सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुयशपूर्ण व सुदीर्घ जीवन की कामना है।


अमित शाह का जन्म गुजरात में 1964 में हुआ और वह लंबे समय से नरेंद्र मोदी के करीबी सहायक रहे हैं। 2014 में केंद्र में बीजेपी की सरकार बनी और इसी साल शाह ने बीजेपी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। इससे पहले वह गुजरात में मोदी की सरकार में मंत्री थे। 2019 में वह मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में गृह मंत्री बने।

Desk Team