देश में कोरोना महामारी के कारण मच रही तबाही को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। राहुल कई बार सरकार पर कोरोना संक्रमण तो कभी मौतों की सही संख्या छुपाने का आरोप लगाते रहे हैं। लेकिन इस बार केंद्र सरकार की ओर से राहुल को करारा जवाब दिया गया है। दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश में कोरोना से मौत के सरकारी और अनुमानित आंकड़ों से जुड़ी एक खबर साझा की।
राहुल गांधी के इस ट्वीट पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने पलटवार किया है। डॉ हर्षवर्धन ने राहुल गांधी के ट्वीट के रिप्लाई में कहा, ”लाशों पर राजनीति, कांग्रेस स्टाइल! पेड़ों पर से गिद्ध भले ही लुप्त हो रहे हों, लेकिन लगता है उनकी ऊर्जा धरती के गिद्धों में समाहित हो रही है। राहुल गांधी जी को दिल्ली से अधिक न्यूयॉर्क पर भरोसा है। लाशों पर राजनीति करना कोई धरती के गिद्धों से सीखे।”

बता दें कि राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक खबर साझा करते हुए लिखा था कि नंबर झूठ नहीं बोलते। भारत सरकार बोलती है। विदेशी अखबार की इस खबर में दावा किया गया है कि केंद्र सरकार के कोरोना संबंधित आंकड़ों और असलियत में बहुत अंतर है। बता दें कि इन दिनों कोरोना महामारी को लेकर कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार पर निशाना साध रही है। कोरोना को काबू करने से लेकर लोगों के टीकाकरण तक के लिए विपक्ष सवाल उठाता रहा है।


Download Android App
Download iOS App



