INDIA CORONA : पिछले 24 घंटे में आए 4 हजार से कम नए केस, मौत का आंकड़ा भी रहा 100 के नीचे

Summary :

राष्ट्रीय स्तर पर कोरोना के नए मामलों में हो रही गिरावट के चलते देश में अब उपचाराधीन मामलों की संख्या घटकर 40 हजार 559 रह गई है।

देश में कोरोना वायरस का ग्राफ नीचे की ओर गिरता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में कल के मुकाबले 580 केस कम दर्ज किए गए है। राष्ट्रीय स्तर पर कोरोना के नए मामलों में हो रही गिरावट के चलते देश में अब उपचाराधीन मामलों की संख्या घटकर 40 हजार 559 रह गई है। वहीं कोरोना से रिकवर करने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी जारी है। देश में पिछले 24 घंटे में चार हजार से कम केस दर्ज हुए हैं जिसके बाद संक्रमण के कुल मरीजों की संख्या 4,29,87,875 हो गई है।  
89 लोगों की हुई मौत 
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,614 नए मामले सामने आए हैं जो 12 मई 2020 के बाद एक दिन में सामने आए सबसे कम मामले हैं। वहीं,  89 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 5,15,803 पर पहुंच गई। आंकड़ों के मुताबिक कुल संक्रमितों के मुकाबले उपचाराधीन मरीजों की संख्या केवल 0.09 प्रतिशत है जबकि राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 से ठीक होने की दर में भी और सुधार हुआ है और यह 98.71 प्रतिशत तक पहुंच गयी है।
179.91 करोड़ से अधिक टीके की दी जा चुकी है खुराक 
कोरोना वायरस के मामलों में हो रही गिरावट के चलते देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,660 की कमी आई है। आंकड़ों के मुताबिक 12 मई 2020 को 3,604 नए मामले सामने आए थे,उसके बाद ये एक दिन में सबसे कम मामले हैं। मंत्रालय ने बताया कि अबतक 4,24,31,513 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि मृत्युदर 1.2 प्रतिशत है। इस बीच, देश में अबतक कोविड-19 टीके की 179.91 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं।

Desk Team