भारत में ही विकसित हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस की खरीद में अर्जेंटीना और मिस्र समेत कई देशों ने रुचि जाहिर की है।
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के अध्यक्ष सी बी अनंतकृष्णन ने मंगलवार को एयरो इंडिया-2023 से इतर कहा कि भारत तेजस विमानों की संभावित आपूर्ति के लिए अर्जेंटीना और मिस्र दोनों से बातचीत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मिस्र को 20 विमानों की जरूरत है, जबकि अर्जेंटीना ने 15 लड़ाकू विमान खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। तेजस विमान में दिलचस्पी दिखाने वाले देशों में अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, मलेशिया और फिलीपीन भी शामिल हैं।
एचएएल द्वारा निर्मित तेजस एकल-इंजन मल्टी-रोल लड़ाकू विमान है जो बेहद चुनौतीपूर्ण वातावरण में संचालन करने में सक्षम है। फरवरी 2021 में, रक्षा मंत्रालय ने भारतीय वायुसेना के लिए 83 तेजस हल्के लड़ाकू विमानों की खरीद को लेकर एचएएल के साथ 48,000 करोड़ रुपये का सौदा किया था।


Download Android App
Download iOS App



