भारत ने पाकिस्तान को एक बार फिर आतंकवाद पर घेरते हुए निशाना साधा, भारत ने पाकिस्तान के आतंकवाद प्रेम पर उसे जमकर कोसा और कहा कि वह आतंकवाद पर जल्द से जल्द से कड़ी कार्रवाई करें। भारत ने पाकिस्तान से एक बार फिर कहा कि वह आतंकवाद के नेटवर्क एवं उसके छद्म स्वरूप के खिलाफ ‘विश्वसनीय, पुष्ट करने योग्य एवं अपरिवर्तनीय’ कदम उठाये तथा 26/11 के मुम्बई हमले एवं पठानकोट हमले को अंजाम देने वालों को न्याय के शिकंजे में लाए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने डिजिटल माध्यम से संवाददाताओं से यह बात कही। प्रवक्ता से वित्तीय कार्रवाई कार्य बल (एफएटीएफ) द्वारा पाकिस्तान को ‘ग्रे (संदिग्ध) सूची’ या बृहद निगरानी की जरूरत वाले देशों की सूची में रखने के निर्णय के बारे में पूछा गया था। उनसे कुछ ही दिन पहले जम्मू कश्मीर में वायु सेना स्टेशन पर ड्रोन से आतंकी हमले के बारे में भी प्रश्न किया गया था।
बागची ने कहा, ‘‘ जहां तक आतंकवाद और आतंकी वित्तपोषण की बात है तो इस बारे में हमारी ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने’ की नीति है।‘‘ उन्होंने कहा, ‘‘ हम आतंकवाद के हर स्वरूप की निंदा करते हैं और सभी देशों से अपेक्षा करते हैं कि वे सीमापार आतंकवादियों की आवाजाही, आतंकियों की पनाहगाह और उनके वित्त पोषण को खत्म करने के लिये विश्वसनीय कदम उठायेंगे।’’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ हम पाकिस्तान से उसके क्षेत्र में आतंकवाद के नेटवर्क एवं उसके छद्म स्वरूप के खिलाफ ‘विश्वसनीय, पुष्ट करने योग्य एवं अपरिवर्तनीय’ कदम उठाने तथा 26 नवंबर के मुम्बई हमले और पठानकोट हमले को अंजाम देने वालों को न्याय के शिकंजे में लाने की मांग करते हैं। ’’ वहीं, जम्मू में वायु सेना स्टेशन पर ड्रोन हमले के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच चल रही है।


Download Android App
Download iOS App



