सर्बिया में भारतीय खिलाड़ियों ने जीते पदक, प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

Summary :

सर्बिया के बेलग्रेड में संपन्न हुए अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप और प्रेसिडेंट्स कप निशानेबाजी प्रतियोगिता में जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को प्रधानमंत्री मोदी ने बधाई दी है और सभी के बेहतर भविष्य की कामना की है

सर्बिया के बेलग्रेड में संपन्न हुए अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप और प्रेसिडेंट्स कप निशानेबाजी प्रतियोगिता में जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को प्रधानमंत्री मोदी ने बधाई दी है और सभी के बेहतर भविष्य की कामना की है। इस प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और पांच पदक जीते। वर्ष 2017 में शुरु हुई इस प्रतियोगिता में यह भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर दी बधाई
प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के लिए अपने ट्वीट में कहा, ‘‘बेलग्रेड में कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले शिवानी, अंजू, दिव्या, राधिका और निशा को बधाइयां। उनका प्रदर्शन विशेष है और इससे देश में कुश्ती को और लोकप्रियता मिलेगी।


प्रेसिडेंट्स कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए मोदी ने कहा, ‘‘आईएसएसएफ प्रेसिडेंट्स कप निशानेबाजी प्रतियोगिता में पदक जीतने पर मनु भाकर, राही सरनोबत, सौरभ चौधरी और अभिषेक वर्मा को बधाइयां। उनके इस शानदार प्रदर्शन से देश के लोग गौरवांवित महसूस कर रहे हैं। भविष्य के लिए शुभकामनाएं।

इन खिलाड़ियों ने जीते है पदक
 प्रेसीडेंट्स कप की महिला 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारतीय निशानेबाज राही सरनोबत ने रजत पदक जीता। युवा निशानेबाज मनु भाकर ने 25 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा में छठे स्थान पर रहने के बाद वापसी करते हुए 25 मीटर रेपिड फायर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में तुर्की के ओजगुर वार्लिक के साथ मिलकर स्वर्ण पदक जीता। सौरभ चौधरी ने पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल में व्यक्तिगत स्पर्धा का रजत जबकि अभिषेक वर्मा ने कांस्य पदक जीता। मनु ने ईरान के ओलंपिक चैंपियन जावेद फोरोगी के साथ जोड़ी बनाकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा का भी खिताब जीता। पूर्व में ‘आईएसएसएफ’ विश्व कप फाइनल्स के नाम से पहचाने जाने वाले टूर्नामेंट में भारत ने कुल पांच पदक जीते।

Desk Team