केरल कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष एम आई शनवास का निधन, राहुल ने जताया दुख

Summary :

राहुल गांधी ने कहा, वायनाड का दो बार से प्रतिनिधित्व कर रहे एमआई शनवास के जाने से कांग्रेस परिवार ने अपने एक बेहद प्रिय एवं सम्मानित सदस्य को खो दिया है।

कांग्रेस की केरल इकाई के कार्यवाहक अध्यक्ष और वयनाड के सांसद एम आई शनवास का मंगलवार देर रात चेन्नई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। वह 67 वर्ष के थे। उन्होंने लोकसभा में दो बार केरल के वयनाड संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने देर रात एक बजे अंतिम सांस ली। उनका दो नवंबर को यकृत (लिवर) का प्रतिरोपण हुआ था।

congress

उनका पार्थिव शरीर दोपहर में कोच्चि लाए जाने की उम्मीद है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी, विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश चेन्नीतला ने एम आई शनवास के निधन पर शोक प्रकट किया है। बता दें कि शनवास के परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री है।

राहुल ने शनवास के निधन पर दुख जताया

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी की केरल इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष एवं लोकसभा सदस्य एमआई शनवास के निधन पर दुख जताया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ”वायनाड का दो बार से प्रतिनिधित्व कर रहे एमआई शनवास के जाने से कांग्रेस परिवार ने अपने एक बेहद प्रिय एवं सम्मानित सदस्य को खो दिया है। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार एवं मित्रों के प्रति मेरी संवेदना एवं प्रार्थना है।”

आपको बता दें कि शनवास को हाल ही में केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

Desk Team