शनवास ने संसद में हमेशा कमजोरों के लिए आवाज उठाई : खड़गे

Summary :

एम आई शनवास का मंगलवार देर रात चेन्नई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। शनवास 67 साल के थे। वह वायनाड संसदीय क्षेत्र से सांसद थे।

लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सदन में अपने सहयोगी और पार्टी की केरल इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष एम आई शनवास के निधन को राज्य एवं कांग्रेस के लिए ‘अपूरणीय क्षति’ करार देते हुए बुधवार को कहा कि शनवास ने संसद में हमेशा कमजोरों की आवाज उठाई।

खड़गे ने एक बयान में कहा, ”मुझे अपने बेहतरीन साथी एम आई शनवास के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। केरल के लोगों ने एक समर्पित एवं लोकप्रिय नेता खो दिया है। वह समाज के सभी वर्गों के कमजोर लोगों के लिए काम करने की खातिर प्रतिबद्ध रहते थे।”

MI Shanavas

उन्होंने कहा, ”शनवास का असामयिक निधन न सिर्फ केरल एवं कांग्रेस के लिए अपूर्णीय क्षति है, बल्कि मेरे लिए निजी तौर पर बहुत बड़ी क्षति है। संसद में वह हमेशा कमजोरों के लिए आवाज उठाते थे।” खड़गे ने कहा, ”मैं उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे तथा परिवार को इस मुश्किल समय का सामना करने की ताकत दे।”

बता दें कि शनवास का मंगलवार देर रात चेन्नई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। शनवास 67 साल के थे। वह वायनाड संसदीय क्षेत्र से सांसद थे। पिछले दिनों उनका यकृत (लिवर) का प्रतिरोपण हुआ था। उनको हाल ही में केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

केरल कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष एम आई शनवास का निधन, राहुल ने जताया दुख

Desk Team