राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने ईद-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर देशवासियों को दी शुभकामनाएं

Summary :

PM ने ट्वीट में कहा, ईद-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर शुभकामनाएं। हम पैगम्बर मोहम्मद की नेक शिक्षा को याद करते हैं और भाईचारा और शांति की कामना करते है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद के जन्‍मदिवस ईद-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर देशवासियों को शुभामनाएं दी। प्रधानमंत्री ने पैगम्बर मोहम्मद की नेक शिक्षा का अनुसरण करने तथा शांति एवं सौहार्द की कामना की।

प्रधानमंत्री ने बुधवार को अपने ट्वीट में कहा, ”ईद-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर शुभकामनाएं। हम पैगम्बर मोहम्मद की नेक शिक्षा को याद करते हैं और चहुंओर सौहार्द, भाईचारा और शांति की कामना करते हैं।”

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया है, ”पैगम्‍बर के जन्‍म-दिवस, मिलाद-उन-नबी के मुबारक अवसर पर सभी देशवासियों, विशेषकर भारत और विदेश में हमारे मुस्‍लिम भाइयों और बहनों को शुभकामनाएं।”

उपराष्ट्रपति नायडू ने बुधवार को ट्विटर पर अपने बधाई संदेश में कहा ”ईद मिलाद-उन-नबी के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।” नायडू ने कहा, ”पैगम्बर मोहम्मद के जन्मोत्सव के रूप में मनाये जाने वाले पवित्र पर्व मिलाद-उन-नबी के अवसर पर अपने सभी देशवासियों को मेरी हार्दिक बधाई।”

उन्होंने कहा पैगम्बर मोहम्मद ने दुनिया को करुणा और विश्वबंधुत्व का सही मार्ग दिखाया था। नायडू ने अपने संदेश में देशवासियों से इस मार्ग के अनुकरण का आह्वान किया।

Desk Team