हरियाणा में भी मणिपुर की तरह कानून-व्यवस्था ध्वस्त… नूंह दंगे पर BSP सुप्रीमो ने बीजेपी को घेरा

Summary :

हरियाणा में फैली हिंसा को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी मणिपुर की तरह कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है।

हरियाणा में फैली हिंसा को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी मणिपुर की तरह कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। BSP अध्यक्ष ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हरियाणा में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। यह भी निश्चित है कि वहां का खुफिया विभाग पूरी तरह से इन बातों को पकड़ पाने में नाकाम रहा है। सांप्रदायिक दंगा भड़कना और लोगों की जनहानि होने से यह तय हो गया है। इसे जल्द से जल्द रोका जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दंगा का भड़कना और उसका गुरुग्राम सहित अन्य इलाकों में भी फैल जाना इस बात का संकेत है कि सरकार इसे नियंत्रण में नहीं रख पाई है। बसपा सुप्रीमो ने हरियाणा में हुई हिंसा को शर्मनाक बताया और कहा कि दंगा-हिंसा का राजनीतिक और संकीर्ण स्वार्थ की पूर्ति के लिए इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। लोगों की जान-माल और मजहब की सुरक्षा करना सरकार का काम होता है। सरकार को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
मायावती ने यह भी कहा कि यूपी में हमारी चार बार सरकार रही तो हमने कानून-व्यवस्था सही करके दिखाया है। हरियाणा की सरकार को प्रदेश में सांप्रदायिक सद्भाव और आपसी भाईचारे के लिए कोशिशें करनी चाहिए। इसके लिए केंद्र सरकार को भी आगे आना चाहिए ताकि हालात खराब न हो। लोगों की जानमाल के साथ धर्म की सुरक्षा करना राज्य सरकार की पहली संवैधानिक जिम्मेदारी बनती है। मैं लोगों से अपील करती हूं कि वो शांति-व्यवस्था बनाए रखें। बता दें कि हरियाणा में पिछले दिनों फैली साम्प्रदायिक हिंसा को लेकर DGP पीके अग्रवाल ने कहा कि स्थिति काबू में है और सभी मामलों की जांच के लिए SIT गठित की जाएगी।

Desk Team