कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को 70 हजार से अधिक नवनियुक्त भर्तियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री यह दिखाने के लिए किस्तों में ऐसा कर रहे हैं, जैसे कि भाजपा ने एक साल में दो करोड़ नौकरियां देने का अपना वादा पूरा कर दिया है।
रकारी विभागों में 30 लाख से अधिक पद खाली!
खड़गे की यह टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए केंद्र के ‘रोजगार मेला’ के माध्यम से भर्ती किए गए उम्मीदवारों को संबोधित करने और नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद आई है। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि तीन वर्षों में लगभग 20 हजार एमएसएमई उद्योग बंद हो गए और सरकारी विभागों में 30 लाख से अधिक पद खाली हैं।
खड़गे ने एक हिंदी ट्वीट में कहा, केवल तीन वर्षों में देश में लगभग 20,000 एमएसएमई उद्योग बंद हो गए। अकेले सरकारी विभागों में 30 लाख पद खाली पड़े हैं। लेकिन ‘इवेंट-जीवी’ मोदी सरकार के मुखिया, मोदी जी किश्तों में भर्ती पत्र बांटकर ऐसा दिखा रहे हैं, जैसे उन्होंने हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का भाजपा का वादा पूरा कर दिया है।
भारत एक साथ आएगा, भारत जीतेगा
राज्यसभा में विपक्ष के नेता कांग्रेस प्रमुख ने कहा, वे सरकार द्वारा स्वीकृत पद हैं, उन्हें बहुत पहले भरा जाना चाहिए था। पिछले नौ वर्षों में… स्टार्ट-अप इंडिया, स्किल इंडिया, स्टैंड-अप इंडिया आदि जैसे कार्यक्रम इवेंट की तरह आयोजित किए गए थे, लेकिन लाखों एमएसएमई को मोदी सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा भुगतना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि लाखों युवाओं की नौकरी चली गयी और उनका भविष्य अंधकारमय हो गया है। खड़गे ने कहा, …देश का युवा अब और बर्दाश्त नहीं करेगा। इस युवा विरोधी सरकार को जाना होगा। भारत एक साथ आएगा, भारत जीतेगा।


Download Android App
Download iOS App



