कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री गहलोत समेत कई नेताओ ने लता दीदी के निधन पर दुःख व्यक्त किया

Summary :

राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत,भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अन्य कई नेताओं ने भारत रत्न एवं स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डा सीपी जोशी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अन्य कई नेताओं ने भारत रत्न एवं स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
इस मौके श्री कलराज मिश्र ने कहा कि मां सरस्वती की उपासिका, विलक्षण प्रतिभा की धनी, भारत रत्न लता मंगेशकर का निधन भारतीय संगीत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि विश्व में देश को गौरवान्वित करने वाली स्वर कोकिला अपने संगीत से वह सदैव हमारे बीच रहेंगी। उन्होंने ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।

श्री गहलोत ने कहा कि भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन की सुनकर उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। वह भारत की सुरीली आवाज थीं, जिन्होंने अपने सात दशकों से अधिक लंबे समृद्ध योगदान में भारतीय संगीत को समृद्ध बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा कि उनका निधन संगीत की दुनिया के लिए एक बहुत बड़ क्षति है। उन्होंने कहा ‘ मेरी लताजी के साथ मुंबई में मुलाकात हुई थी, मेरे प्रति उनका बहुत स्नेह था। वो पूरे देश के दिलों पर राज करने वाली शख्सियत थीं, वो हमारे बीच से चली गईं, पूरा देश आज ग़मगीन है, ऐसे बिरले व्यक्तित्व दुनिया के अंदर यदा-कदा ही आते हैं, मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।’ उन्होंने ईश्वर से उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों को शक्ति देने एवं दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।

श्रीमती राजे ने कहा कि भारतीय पार्श्वगायन की साम्राज्ञी,स्वर कोकिला‘भारत रत्न’लता मंगेशकर का निधन संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वह एक प्रखर देशभक्त थी, जिन्होंने अपनी संगीत साधना के माध्यम से हर हिंदुस्तानी के दिल में जगह बनाई थी। उन्होंने कहा कि लता दीदी ने सात दशकों तक करीब 30 हजार गानों के माध्यम से अपनी सुरीली आवाज का जादू अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिखेरा है। करोड़ देशवासियों की तरह मैं भी उनके गानों की प्रशंसक रही हूं। उन्होंने ईश्वर से कामना है कि दिवंगत की आत्मा को शान्ति व उनके चाहने वालों को सम्बल प्रदान करें।

डा पूनियां ने कहा कि भारत रत्न से विभूषित, स्वर कोकिला, संगीत एवं गायन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली स्वर साम्राज्ञी लताजी के निधन पर वह नि:शब्द हैं। उन्होंने उनके निधन को पूरे देश के लिए क्षति बताया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इसी प्रकार नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उपनेता राजेंद, सिंह राठौड़, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के संयोजक एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट तथा अन्य कई नेताओं ने लता मंगेशकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

Desk Team