सीडीएस बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर क्रैश पर राहुल गांधी, नितिन गडकरी समेत कई नेताओं ने जताया दुःख

Summary :

भारतीय वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर बुधवार को तमिलनाडु के कुन्नूर के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वायुसेना ने बताया कि इस हेलीकॉप्टर में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत भी सवार थे।

भारतीय वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर बुधवार को तमिलनाडु के कुन्नूर के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वायुसेना ने बताया कि इस हेलीकॉप्टर में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत भी सवार थे। वायुसेना ने बताया कि दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हुई है। दुर्घटना कोहरे की स्थिति के चलते कथित तौर पर कम दृश्यता की वजह से हुई।
हालांकि, जनरल रावत की स्थिति के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी गई है। वायुसेना ने कहा कि हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वायुसेना का एमआई-17वीएच हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। हेलीकॉप्टर ने कोयंबटूर के पास सुलुर वायुसेना अड्डे से उड़ान भरी थी। दुर्घटना के बाद कई नेताओ ने दुःख जताया। 

राहुल गाँधी ने ट्वीट करके लिखा, हेलीकॉप्टर में सवार सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और अन्य लोगों की सुरक्षा की उम्मीद है। शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना।

वही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया, CODS श्री बिपिन रावत जी के साथ हेलीकॉप्टर के दुखद दुर्घटना के बारे में सुनकर स्तब्ध हूँ। मैं सभी की सुरक्षा, भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं।

अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, तमिलनाडु में दुखद सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना से स्तब्ध। सीडीएस जनरल बिपिन रावत सहित उनके परिवार और कर्मचारियों सहित उन सभी के लिए प्रार्थना। उम्मीद है बचाव अभियान सफल होगा। इसके अलावा कई नेताओ ने दुःख जताया 

Desk Team