माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला बोले- डिजिटल इंडिया की संकल्पना को करेंगे साकार

Summary :

भारत सरकार की डिजिटल इंडिया मुहीम को देश-विदेश का भरपूर समर्थन मिल रहा है। माइक्रोसॉफ्ट के चेयर पर्सन चार दिन के दौरे पर भारत आये हुए हैं।

भारत सरकार की डिजिटल इंडिया मुहीम को देश-विदेश का भरपूर समर्थन मिल रहा है। माइक्रोसॉफ्ट के चेयर पर्सन चार दिन के दौरे पर भारत आये हुए हैं। इसी बीच नडेला ने प्रधानमंत्री से मुलाक़ात की तथा उन्होंने मोदी से वादा किया कि, डिजिटल इंडिया की संकल्पना को साकार करने में माइक्रोसॉफ्ट कंपनी देश की मदद करेगी। माइक्रोसॉफ्ट के शीर्ष अधिकारी नडेला ने प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात को ‘‘गहरी समझ विकसित करने वाली’’ बताया। उन्होंने डिजिटल रूपांतरण के जरिये टिकाऊ एवं समावेशी आर्थिक वृद्धि पर सरकार के जोर की सराहना भी की।
हम भारत की मदद को उत्सुक हैं : सत्य नडेला
नडेला ने बृहस्पतिवार को ट्वीट किया, ‘‘डिजिटल रूपांतरण के जरिये टिकाऊ और समावेशी आर्थिक वृद्धि पर सरकार द्वारा गहराई से ध्यान देना प्रेरणादायी है। हम डिजिटल इंडिया की संकल्पना को साकार करने और दुनिया का मार्गदर्शक बनाने में भारत की मदद को उत्सुक हैं।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘गहरी समझ विकसित करने वाली मुलाकात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार।’’

नडेला देश के कई शहरो के दौरे पर 
नडेला देश में कई शहरों के दौरे पर हैं और ग्राहकों, स्टार्टअप, डेवलपर, शिक्षाविद, छात्रों तथा सरकार के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात कर डिजिटल क्षेत्र में शासन एवं सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर बात की थी। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री राजीव चंद्रशेखर से भी मुलाकात की। नडेला ने भारत की सार्वजनिक भलाई के लिए सार्वजनिक डिजिटल अवसंचरना बनाने के लिए सराहना की और प्रौद्योगिकी तथा आर्थिक वृद्धि के जरिये समावेश और सशक्तीकरण लाने के महत्व को रेखांकित किया। माइक्रोसॉफ्ट प्रमुख ने जोर देकर कहा कि उनकी कंपनी की ‘‘भारत के प्रति बहुत प्रतिबद्धता’’ है।

Desk Team