रक्षा मंत्रालय ने सर्जिकल स्ट्राइक का एक और नया वीडियो जारी किया

Summary :

पाकिस्तान के आतंकियों समूहों पर बमबारी करते हुए लांचपैड को तबाह कर रहे हैं। पहले भारतीय सेना ने 27 जून, 2018 को सर्जिकल स्ट्राइक के कुछ वीडियो जारी किए थे।

नई दिल्ली : सर्जिकल स्ट्राइक के 2 वर्ष पूरे होने से 2 दिन पहले रक्षा मंत्रालय ने इस महत्वपूर्ण मिशन का विडियो जारी किया है। जिसमें भारतीय जवान पाकिस्तान के आतंकियों समूहों पर बमबारी करते हुए और उनके लांचपैड को तबाह करते हुए नजर आ रहे हैं। इससे पहले भारतीय सेना ने 27 जून, 2018 को सर्जिकल स्ट्राइक के कुछ वीडियो जारी किए थे। इस हफ्ते की शुरुआत में सेनाध्यक्ष बिपिन रावत ने कहा था कि लाइन ऑफ कंट्रोल के लांचपैड पर दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक की जरूरत है।

उन्होंने कहा था, ‘मेरा मानना है कि एक और कार्रवाई की जरूरत है। लेकिन हम इस बात का खुलासा नहीं करना चाहते कि हम इसे किस तरह अंजाम देंगे।’ उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक हमेशा सरप्राइज होती है और इसे वैसा ही रहने देना चाहिए। पाकिस्तान लगातार पाक अधिकृत कश्मीर में हुई सर्जिकल स्ट्राइक से इंकार करता रहा है। हालांकि वीडियो से भारत के दावे साबित हो जाते हैं।

सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान बहुत से लांचपैड को तबाह कर दिया गया था और दर्जनों आतंकियों को मार गिराया गया था जो भारत के अंदर घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। इस स्ट्राइक को सेना ने उड़ी हमलों के बाद अंजाम दिया था। पाकिस्तान बेस्ड आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने उड़ी में 19 जवानों को मार दिया था। जिसका बदला सर्जिकल स्ट्राइक से लिया गया था।

Desk Team