लोकसभा ने ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ के 80 वर्ष पूरा होने के अवसर पर आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी।और उनके त्याग एवं बलिदान का स्मरण किया।सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि संपूर्ण देश भारत छोड़ो आंदोलन की 80वीं वर्षगांठ मना रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘नौ अगस्त, 1942 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो का नारा दिया था। स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए किए गए संघर्ष में भारत छोड़ो आंदोलन सर्वाधिक निर्णायक क्षणों में से एक था जिसने पूरे देश को आजादी के लिए संघर्ष करने हेतु एकजुट किया।’’

आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे
उन्होंने कहा, ‘‘आज जब हम स्वतंत्रता प्राप्ति के 75वें वर्ष में हैं और आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं तो हम यह संकल्प करें कि अपने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का स्मरण करते हुए देशहित में काम करते रहेंगे और उनके उच्च आदर्शों के प्रति खुद को समर्पित करेंगे।’’बिरला ने यह भी कहा, ‘‘हम उन स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हैं जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी और अपना सर्वस्व न्यौछावर किया।’’इसके बाद कुछ पल मौन रखकर सदन ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी।


Download Android App
Download iOS App



