देश की मोदी सरकार आम लोगों की जिंदगी आसान बनाने के लिए कई कार्य कर रही है, ऐसे में मोदी सरकार ने एक और काम किया है, जिससे श्रमिकों की जिंदगी थोड़ी आसान हो जाएगी। केंद्र सरकार की तरफ से शुरू की गई योजना के तहत ‘ई-श्रम’ पोर्टल पर 15 करोड़ से अधिक नागरिकों ने पंजीकरण कराया है। ‘ई-श्रम’ पोर्टल को 2021 अगस्त के अंतिम सप्ताह में लांच किया गया था। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है। श्रम और रोजगार मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, 28 दिसंबर तक ई-श्रम पोर्टल पर 15.53 करोड़ नागरिकों ने पंजीकरण कराया है।
नागरिकों को इसमें नाम, व्यवसाय, पता, शैक्षिक योग्यता, कौशल प्रकार और परिवार के बारे में विवरण देना होगा ताकि उनकी रोजगार योग्यता के बारे में पता चल सके। 26 अगस्त को श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव और राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने पोर्टल का उद्घाटन किया था। राज्य मंत्री ने कहा, 16-59 वर्ष के बीच लोग पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं। प्रवासी श्रमिक, प्लेटफॉर्म वर्कर, कृषि श्रमिक, मनरेगा कार्यकर्ता, मछुआरे, दूधवाले, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्ट्रीट वेंडर, घरेलू कामगार, रिक्शा चालक और असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले लोग पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए अपना ब्योरा दे सकते हैं।
मंत्रालय ने आगे कहा कि केंद्र सरकार ने लोगों के लिए स्वास्थ्य लाभ और व्यावसायिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह पोर्टल लांच किया है। कर्मचारी जमा लिंक बीमा (ईडीएलआई) योजना के तहत, पात्र परिवार के सदस्यों को लाभ दिया जाता है, ताकि कर्मचारी की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु की स्थिति में उनके परिवार को वित्तीय सहायता प्रदान की जा सके। मंत्रालय ने कहा, इस साल 28 अप्रैल से एश्योरेंस बेनिफिट को छह लाख से बढ़ाकर सात लाख रुपए कर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



