दिल्ली के शहरी विकास मंत्री सत्येंद्र जैन ने राजन बाबू टीबी अस्पताल की इमारत के किसी भी समय ढह सकने की बात सामने के बाद जांच के आदेश दिए हैं ताकि इमारत को खाली कराकर सील किया जा सके। आम आदमी पार्टी (आप) की नेता और विधायक आतिशी ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा संचालित अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था और उनकी पार्टी ने इसे सोशल मीडिया पर सीधे प्रसारित किया था, जिसमें दिखाया गया कि मरीजों का जर्जर परिसर में इलाज चल रहा है जबकि नगर निकाय ने इस इमारत को ‘खतरनाक’ घोषित किया है।
राजन बाबू टीबी अस्पताल की इमारत की स्थिति जर्जर है
दौरे के समय आतिशी के साथ मौजूद उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) के नेता प्रतिपक्ष विकास गोयल ने मुखर्जी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। जैन ने शनिवार को पूरे मामले की तत्काल जांच के आदेश दिए। मंत्री द्वारा 31 दिसंबर को जारी आदेश में कहा, ‘‘मेरे संज्ञान में यह लाया गया है कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा संचालित राजन बाबू टीबी अस्पताल की इमारत की स्थिति जर्जर है।
एमसीडी ने इस इमारत को लोगों के रहने के लिए खुद असुरक्षित घोषित किया है। इसके बावजूद अस्पताल का संचालन मरीजों, तीमारदारों, कर्मियों और नागरिकों के जीवन के खतरे में डालकर किया जा रहा है। ऐसा लगता है कि इमारत कभी भी गिर सकती है और कई लोगों की जिंदगी खतरे में है।’’ जैन ने मामले में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।


Download Android App
Download iOS App



