भारत में शुक्रवार को कोविड-19 रोधी टीके की एक करोड़ से अधिक खुराक दी गई जो एक दिन में दी गई खुराक की सर्वाधिक संख्या है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। कोविन वेबसाइट के अनुसार, देश में कोविड रोधी टीकों की 62,17,06,882 से अधिक खुराक दी जा चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीकाकरण अभियान से जुड़े लोगों की सराहना की और टीका लगवाने वालों की भी प्रशंसा की। उन्होंने ट्वीट किया, “आज रिकार्ड टीकाकरण हुआ। एक करोड़ का आंकड़ा पार करना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जो लोग टीके लगवा रहे हैं और जो इस टीकाकरण अभियान को सफल बना रहे हैं उन्हें बधाइयां”
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट किया, “ सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास। यह वही प्रयास है जिससे देश ने एक दिन में एक करोड़ से अधिक टीके लगाने का आंकड़ा पार कर लिया है। स्वास्थ्यकर्मियों का अथक परिश्रम व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का दृढ़ संकल्प रंग ला रहा है।”
कोविन वेबसाइट के अनुसार, शुक्रवार को टीके की 1,00,64,032 खुराक दी गई।


Download Android App
Download iOS App



