भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने इस सप्ताहांत पार्टी महासचिवों की दो दिवसीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब सहित पांच राजयों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा संभावित है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कोविड-19 की दूसरी लहर की शुरुआत के बाद यह पहली ऐसी बैठक होगी जिसमें सभी नेता स्वयं उपस्थित रहेंगे।
सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में चुनावी रणनीति के अलावा कोविड-19 से उत्पन्न स्थिति और इसके मद्देनजर पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘‘सेवा ही संगठन’’ अभियान की भी समीक्षा की जाएगी। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब कोविड-19 की दूसरी लहर के बीच सरकार आलोचनाओं से घिरी हुई है और विपक्षी दल सरकार की घेराबंदी करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
इस बैठक का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है कि पिछले दिनों भाजपा के संगठन महासचिव बी एल संतोष और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह ने उत्तर प्रदेश का दौरा कर वहां के विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकें की थी। सिंह उत्तर प्रदेश के प्रभारी भी हैं। अगले साल की शुरुआत में जिन राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने हैं उनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के अलावा गोवा और मणिपुर भी शामिल हैं। इनमें पजाब को छोड़कर सभी राज्यों में भाजपा सत्ता में है।


Download Android App
Download iOS App



