भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को कहा कि कोरोना वायरस महामारी के दौरान उनकी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता राहत कार्य में जुटे हुए हैं जबकि विपक्षी पार्टियां पृथक-वास में चली गयी हैं। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 7 साल पूरा होने के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को डिजिटल तरीके से संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के सभी सांसद, मंत्री और विधायक इस अवसर पर कोविड नियमों और लॉकडाउन के निर्देशों का पालन करते हुए कम से कम दो गांवों के लोगों की सेवा करेंगे।
नड्डा ने दावा किया कि महामारी के दौरान भाजपा कार्यकर्ता लोगों के साथ खड़े रहे जबकि विपक्षी नेता केवल डिजिटल तरीके से संवाददाता सम्मेलन करते नजर आए। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के बीच भाजपा के कार्यकर्ता और नेता राहत कार्य चला रहे हैं जबकि विपक्षी दल कहीं नहीं दिख रहे हैं। नड्डा ने कहा कि एक लाख गांवों और बस्तियों में पार्टी के कार्यकर्ता इस अवसर पर जरूरतमंद लोगों की सेवा कर रहे हैं।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा कि आज जो लोग कोविड-19 रोधी टीके को लेकर शोर मचा रहे हैं पहले वह इन टीकों पर ही संदेह प्रकट कर रहे थे। भाजपा कार्यकर्ता वर्षगांठ को ‘सेवा दिवस’ के तौर पर मना रहे हैं। कोविड-19 महामारी के मद्देनजर भाजपा ने केंद्र में पार्टी की सरकार की सातवीं वर्षगांठ को नहीं मनाने का फैसला किया है लेकिन देश भर में राहत सामग्री का वितरण करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



