जम्मू-कश्मीर से साल 2019 में अनुच्छेद-370 हटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पहली बार केंद्र शासित प्रदेश के राजनीतिक दलों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक को सराहनीय बताते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को अपना बयान दिया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, धारा 370 समाप्ति के बाद जम्मू-कश्मीर में पूरी तरह शांति है। पंचायती राज मंत्रालय, केंद्र सरकार ने वहां पंचायतों के विकास के लिए एक बड़ी राशि दी है। प्रधानमंत्री की कल की बैठक बहुत सराहनीय रही है। सभी लोगों ने बैठक को आशा भरी नजरों से लिया है।
हमने किसानों की परेशानियों के समझने का किया प्रयत्न
नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, किसान यूनियन के नेताओं से भारत सरकार 10-11 बार बात कर चुकी है। 50 घंटे से अधिक चर्चा चली है। हमने उनकी परेशानियों के समझने का प्रयत्न किया है। आज भी भारत सरकार पूरा मन रखती है कि जिस प्रावधान पर उन्हें आपत्ति है वे खुले मन से बताएं।
कृषि मंत्री ने कहा, हम विचार और निराकरण करने के लिए तैयार हैं। जब भी किसानों की ओर से प्रस्ताव आएगा तो निश्चित रूप से हम बातचीत के लिए स्वागत करेंगे। गौरतलब है कि केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का महीनों से आंदोलन जारी है।


Download Android App
Download iOS App



