वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में नई सरकार भारत के साथ हुए कारोबारी समझौते का समर्थन करती है और इस समझौते को मंजूरी दिलाने के लिए वह जल्द ही संसद का रूख करेगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अप्रैल में ‘भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौता (ईसीटीए)’ पर हस्ताक्षर हुए थे। इसे ऑस्ट्रेलिया की संसद से मंजूरी मिलने के बाद लागू किया जा सकेगा।
गोयल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मैंने डोन फारेल से मुलाकात की है, वह ऑस्ट्रेलिया की नई सरकार में व्यापार मंत्री हैं। उन्होंने इस बात की पुष्टि की है कि ईसीटीए को जल्द ही संसद में ले जाया जाएगा, वे इस समझौते का समर्थन करते हैं और आने वाले समय में भारत के साथ सरोकार और बढ़ाना चाहते हैं।’’
इस समझौते से भारत के कपड़ा, चमड़ा, फर्नीचर, आभूषण और मशीनरी समेत करीब 6,000 क्षेत्रों को ऑस्ट्रेलिया के बाजार में शुल्क-मुक्त पहुंच मिलेगी। गोयल ने पहले कहा था कि यह समझौता द्विपक्षीय व्यापार को मौजूदा 27.5 अरब डॉलर से बढ़ाकर अगले पांच वर्षों में 45 से 50 अरब डॉलर तक पहुंचने में मददगार होगा।


Download Android App
Download iOS App



